Breaking

बुधवार, 25 नवंबर 2026

भारत का गोल्ड लोन पोर्टफोलियो 60.6 प्रतिशत बढ़कर 23 लाख करोड़ रुपए के पार: रिपोर्ट

नई दिल्ली, 25 नवंबर (आईएएनएस)। भारत के गोल्ड लोन बाजार में सितंबर 2026 तक मजबूत वृद्धि जारी रही। इस दौरान गोल्ड लोन का बकाया पोर्टफोलियो सालाना आधार पर 60.6 प्रतिशत बढ़कर 23.3 लाख करोड़ रुपए हो गया, जबकि सक्रिय गोल्ड लोन की संख्या 14 प्रतिशत बढ़कर 10.2 करोड़ हो गई। यह जानकारी एक रिपोर्ट में दी गई।

सीआरआईएफ क्रेडिट इंफॉर्मेशन सर्विसेज की रिपोर्ट के मुताबिक, भारत के 185.2 लाख करोड़ रुपए के कुल खुदरा ऋण पोर्टफोलियो में गोल्ड लोन की हिस्सेदारी 12.6 प्रतिशत रही, जो एक साल पहले की तुलना में 3.3 प्रतिशत अधिक है। ऋण की संख्या के मुकाबले पोर्टफोलियो के मूल्य में तेज वृद्धि से संकेत मिलता है कि यह वृद्धि मुख्य रूप से औसत ऋण राशि बढ़ने के कारण हुई है।

रिपोर्ट में कहा गया है कि गोल्ड लोन का बकाया पोर्टफोलियो सितंबर 2024 के 10.7 लाख करोड़ रुपए से दोगुने से अधिक बढ़कर सितंबर 2026 में 23.3 लाख करोड़ रुपए हो गया। वहीं, सक्रिय गोल्ड लोन की संख्या 8.1 करोड़ से बढ़कर 10.2 करोड़ हो गई।

प्राथमिकता वाले क्षेत्रों को दिए गए गोल्ड लोन की राशि 8.2 लाख करोड़ रुपए रही, जो कुल गोल्ड लोन पोर्टफोलियो का 35.1 प्रतिशत है।

इस दौरान कुल पोर्टफोलियो एट रिस्क (31 से 180 दिन) सितंबर 2025 से सितंबर 2026 के बीच 2 प्रतिशत से घटकर 1.7 प्रतिशत हो गया। हालांकि, पोर्टफोलियो एट रिस्क (31 से 900 दिन) में जून 2026 से सितंबर 2026 के बीच तिमाही आधार पर 0.4 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई।

वित्त वर्ष 2026-27 की दूसरी तिमाही में गोल्ड लोन की कुल वितरण राशि 8.15 लाख करोड़ रुपए रही, जो सालाना आधार पर 27.2 प्रतिशत अधिक है। हालांकि, इस दौरान गोल्ड लोन खातों की संख्या सालाना आधार पर 4.1 प्रतिशत घटकर 369.4 लाख रह गई और तिमाही आधार पर इसमें 0.9 प्रतिशत की गिरावट आई।

ऋण वितरण के मूल्य और संख्या में अंतर से संकेत मिलता है कि कर्ज लेने वाले लोग अब प्रति खाते पहले की तुलना में काफी बड़ी राशि का गोल्ड लोन ले रहे हैं।

गोल्ड लोन लेने वाले ग्राहकों की संख्या सितंबर 2023 के 3.7 करोड़ से बढ़कर सितंबर 2026 में 5.6 करोड़ हो गई। इस तरह तीन वर्षों के दौरान इसमें 15.6 प्रतिशत की चक्रवृद्धि वार्षिक वृद्धि दर (सीएजीआर) दर्ज की गई।

महिला गोल्ड लोन ग्राहकों की संख्या में इससे भी तेज वृद्धि हुई। यह 16 प्रतिशत की सीएजीआर से बढ़कर 2.4 करोड़ हो गई। वहीं, टियर-3 और उससे छोटे शहरों के गोल्ड लोन ग्राहकों की संख्या 16.1 प्रतिशत की सीएजीआर से बढ़कर 3.7 करोड़ पहुंच गई।

रिपोर्ट में कहा गया है कि जोखिम और कर्ज लेने वालों की हिस्सेदारी से जुड़े रुझान मिले-जुले बने हुए हैं। सितंबर 2024 में कुल कर्ज लेने वालों में बहुत उच्च जोखिम वाले ग्राहकों की हिस्सेदारी 14.8 प्रतिशत थी, जो सितंबर 2026 में बढ़कर 16.7 प्रतिशत हो गई।

--आईएएनएस

एबीएस

डिस्क्लेमरः यह आईएएनएस न्यूज फीड से सीधे पब्लिश हुई खबर है. इसके साथ न्यूज नेशन टीम ने किसी तरह की कोई एडिटिंग नहीं की है. ऐसे में संबंधित खबर को लेकर कोई भी जिम्मेदारी न्यूज एजेंसी की ही होगी.

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें

Advertisement :

loading...